सुंदरनगर में एचपीएमसी के पूर्व कर्मचारी संगठन ने बैठक कर आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंडी)। एचपीएमसी पूर्व कर्मचारी संगठन की बैठक बुधवार को सुंदरनगर में प्रधान बीआर चौहान की अध्यक्षता और महासचिव बृजलाल पाल के संचालन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के 52 सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एक ही विभाग में दोहरी पेंशन व्यवस्था होने से असंतोष की स्थिति बनी हुई है। कई कर्मचारियों को मात्र 1800 से 3000 रुपये मासिक पेंशन मिल रही है, जबकि उन्हें न तो बुढ़ापा पेंशन का पर्याप्त लाभ मिल रहा है और न ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ईपीएस-95 पेंशन योजना के तहत न्यूनतम पेंशन बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं तथा कई राज्य सरकारें अपने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) सहित अन्य सुविधाएं प्रदान कर रही हैं। इसके बावजूद एचपीएमसी के पूर्व कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
बैठक में मांग की गई कि दोहरी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समान पेंशन दी जाए तथा महंगाई के अनुरूप पेंशन में नियमित बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। हालांकि कई सदस्य 80 वर्ष से अधिक आयु के हैं, इसके बावजूद उन्हें धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।