धर्मपुर (मंडी)। पूर्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ने धर्मपुर को आने वाले समय में जिला बनाने की मांग उठाते हुए कहा कि धर्मपुर क्षेत्र हर दृष्टि से जिला बनने की पात्रता रखता है। मिनी सचिवालय धर्मपुर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि धर्मपुर में मिनी सचिवालय का निर्माण उनका सपना रहा है, जो अब जल्द ही साकार होने जा रहा है।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि सरकार का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है, लेकिन विकास के नाम पर प्रदेश पूरी तरह पिछड़ गया है। आरोप लगाया कि प्रदेश में न तो बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ और न ही आम जनता की समस्याओं का समाधान किया गया। धर्मपुर सहित पूरे प्रदेश में लोग आज भी सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में धर्मपुर को कई महत्वपूर्ण सौगात मिली थीं और आने वाले समय में भी धर्मपुर के विकास के लिए संघर्ष जारी रहेगा। धर्मपुर को जिला बनाने से प्रशासनिक सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचेंगी और लोगों को अपने कार्यों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। जब भी आने वाले समय में पुनर्सीमांकन होगा, नए विस क्षेत्र बनेंगे और जिला बनाने की बात आएगी तो इसके लिए धर्मपुर तैयार है। कहा कि धर्मपुर, सरकाघाट, जोगिंद्रनगर और एक और जो नया विधानसभा क्षेत्र बनेगा, उसको मिलाकर जिला बन सकता है। इस अवसर पर बीडीसी चेयरमैन राकेश कुमार, समौड़ पंचायत के प्रधान प्रताप सकलानी, सुरेंद्र ठाकुर, विपन कुमार, ज्योति देवी आदि मौजूद रहे। संवाद