करसोग (मंडी)। उपतहसील बगशाड और उपतहसील पांगणा को लंबे समय के बाद नायब तहसीलदार मिल गए हैं। इस तैनाती से 16 पटवार सर्किलों को बड़ी राहत मिली है। उपतहसील बगशाड में उमा दत्त पहले नायब तहसीलदार होंगे।
उमादत्त एसडीएम ऑफिस करसोग में रिकॉर्ड कानूनगो के पद पर सेवाएं दे रहे थे। इन्हें अब पदोन्नत कर नायब तहसीलदार बगशाड लगाया गया है। इसी तरह से उपतहसील पांगणा में करीब एक साल बाद खाली पद भरा गया है। यहां कमलेश कुमार को नायब तहसीलदार लगाया गया है। सरकार ने कानूनगो को पदोन्नत कर नायब तहसीलदार बनाया है।
अधिकारियों की पोस्टिंग के आदेश भी जारी कर दिए हैं। दोनों ही नायब तहसीलदार मंगलवार को अपना पद संभाल सकते हैं। सरकार ने नई उपतहसील बगशाड की अधिसूचना 24 अगस्त को जारी की थी। इसमें 16 पटवार सर्किल को शामिल गया है। इसमें पटवार सर्किल काहणु, कांडा, बलिंडी, सवा माहूं, मेहरन, रियूनशी, बखरोट, खील, सरतयोला, बगशाड, कलंगार, तत्तापानी, शाकरा, तलेहन, सांविधार, परलोग मिलाए गए हैं।
इससे पूर्व इन सभी पटवार सर्किल के तहत पड़ने वाले क्षेत्रों के लोगों को भू-राजस्व से जुड़े कार्यों को निपटाने के लिए 50 से 60 किलोमीटर का सफर तय कर करसोग पहुंचना पड़ता था। ऐसे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 28 और 29 जुलाई को अपने दो दिवसीय करसोग दौरे के दौरान बगशाड में नई उपतहसील खोले जाने की घोषणा की थी। संवाद