मंडी के तारा चंद भवन में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता बैठक करते हुए।
- फोटो : Mandi
मंडी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी मंडी इकाई की बैठक में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जिला व्यापी आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। विभिन्न उपमंडलों में विरोध प्रदर्शन कर राज्य और केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजे जाएंगे।
बैठक मंडी के कामरेड ताराचंद भवन में हुई। इसकी अध्यक्षता पार्टी के राज्य सचिव डॉ. ओंकार शाद ने की। माकपा जिला सचिव कुशाल भारद्वाज ने बताया कि जल्द ही प्रदर्शन की तिथियां तय होंगी। बैठक में संसदीय उपचुनाव में भाजपा की हार, महंगाई सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कहा कि आज सब्जियों, दालों, खाद्य तेल और रसोई गैस के दाम बढ़ गए हैं। गैस सिलिंडर तो 1000 के पार हो गया है। माकपा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि बल्ह में प्रस्तावित एयरपोर्ट को तुरंत रद्द किया जाए। आरोप लगाया कि जिस तरह कांगड़ा एयरपोर्ट को निजी हाथों में सौंप कर सरकार ने दर्शा दिया है कि बल्ह में भी किसानों की जमीन हथिया कर उसे निजी पूंजीपतियों के हवाले किया जाएगा।
माकपा ने किसानों और प्रभावितों के आंदोलन का समर्थन किया। माकपा ने विभिन्न मुद्दों को लेकर आने वाले समय में जनता के बीच जाकर उनको लामबंद कर संघर्ष को तेज करने की योजना बनाई। बैठक में भूपेंद्र सिंह, जयवंती, महेंद्र राणा, सुरेश सरवाल, राजेश शर्मा, जोगिंद्र वालिया, रविकांत, सुनीता बिष्ट, दिनेश काकू आदि ने भाग लिया। संवाद