आसपास आधा दर्जन स्कूल और धार्मिक स्थल होने का दिया हवाला
नगर परिषद पर जमीन से अधिक कब्जे का आरोप
जल्द ही मौके की निशानदेही करवाई जाएगी : एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। नगर परिषद नेरचौक की डंपिंग साइट को हटाने की मांग को लेकर शनिवार को क्षेत्र के 100 से अधिक लोग एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी से मिले। जिला परिषद सदस्य डिंपल सैनी और पंचायत प्रधान अश्वनी सैनी की अध्यक्षता में पहुंचे लोगों ने कहा कि लंबे समय से डंपिंग साइट के कारण क्षेत्र में गंदगी और प्रदूषण फैल रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द डंपिंग साइट नहीं हटाई गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
डिंपल सैनी ने कहा कि डंपिंग साइट के आसपास करीब आधा दर्जन स्कूल और धार्मिक स्थल हैं। इसके साथ ही सुकेती खड्ड भी है। खुले में कचरा फेंके जाने से पूरे क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे होने से कभी भी महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
पंचायत प्रधान अश्वनी सैनी ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की डंपिंग साइट गंदगी का अड्डा बन चुकी है। यहां 100 से अधिक गाड़ियों में कचरा खुले में फेंका गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद के नाम करीब ढाई बीघा जमीन है, जबकि 10 बीघा से अधिक भूमि पर कब्जा किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मौके की निशानदेही करवाकर डंपिंग साइट को जल्द हटाने की मांग की। बता दें कि स्थानीय लोग लंबे समय से डंपिंग साइट का विरोध कर रहे हैं। उधर, एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही मौके की निशानदेही करवाई जाएगी।