पंचायत स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान : मुकुल
संवाद न्यूज एजेंसी
लडभड़ोल (मंडी)। भड़ोल ग्राम पंचायत में मंगलवार को पंचायत प्रधान राजेश शर्मा की अध्यक्षता में बैठक एवं मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें लडभड़ोल के तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। बैठक में उपप्रधान सनी चौहान, सभी वार्ड सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने कहा कि तहसील प्रशासन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। इससे स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा तथा उच्च स्तर से जुड़े मामलों को तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
पंचायत प्रधान राजेश शर्मा ने बताया कि बैठक का उद्देश्य पंचायत के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना था। उन्होंने पंचायत में स्थायी पंचायत सचिव और पटवारी की नियुक्ति की मांग उठाते हुए कहा कि भड़ोल तहसील की प्रमुख पंचायत होने के बावजूद अतिरिक्त कार्यभार के कारण विकास कार्य और लोगों के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से शीघ्र स्थायी नियुक्तियां करने का आग्रह किया।