डडौर में हुई हिम आंचल पेंशनर्स संघ बल्ह खंड इकाई बैठक, विभिन्न मांगों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिम आंचल पेंशनर्स संघ बल्ह खंड इकाई की बैठक खंड प्रधान मंगत राम चौधरी की अध्यक्षता में डडौर में हुई। बैठक में महासचिव जय राम नायक की ओर से सदस्यों को खंड में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रदेश और जिला स्तर पर संघ की ओर से पेंशनर्स की मांगों को पूरा करवाने के लिए उठाए गए प्रयासों के बारे में जानकारी दी। चर्चा में भाग लेने वालों में खंड प्रधान मंगत राम चौधरी, जयराम नायक, परम देव जाट, मेघ सिंह चौधरी, गुरदास, खेम चंद और अन्य मौजूद रहे।
बैठक में पेंशनरों की मांगों एवं समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। पेंशन संशोधन के बकाया की दूसरी किस्त मिलने और अप्रैल की पेंशन के साथ महंगाई भत्ता की किस्त जुड़ने पर खुशी जताई। इसी के साथ सरकार से महंगाई भत्ता की जारी किस्त की जुलाई 2022 से मार्च 2024 तक 21 महीनों की बकाया राशि का भुगतान एकमुश्त करने का आग्रह किया गया। इसके अलावा पेंशन संशोधन के परिणामस्वरूप लीव-एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्युटेशन आदि की बकाया राशि के एकमुश्त भुगतान की सरकार से मांग की गई। विभागों में लंबित चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए सरकार से पर्याप्त बजट न मिलने के कारण पेंशनरों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में राम सिंह, दुसारी राम, हरी सिंह सैनी, रघु राम, पूर्ण चंद, कर्म दास, हीरा सिंह, लालमन, कमल किशोर सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।