सरकाघाट में सिया की हत्या के बाद अभिभावकों में चिंता
असुरक्षित महसूस कर रहीं बेटियों ने मांगी बस सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। सरकाघाट में 19 वर्षीय युवती सिया की हत्या के बाद जिले भर में बेटियां स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आईटीआई डोहग में पढ़ने वाली छात्राओं ने बस सुविधा की मांग उठाई है, ताकि वे अपने संस्थान तक सुरक्षित रूप से पहुंच सकें। जोगिंद्रनगर में छात्राएं 8 किलोमीटर का सफर पैदल तय कर आईटीआई पहुंचने को मजबूर हैं, जिससे अभिभावक भी चिंतित हैं। शहर से करीब चार किलोमीटर दूर ढेलू-डोहग सड़क से सटे आईटीआई में प्रशिक्षण ले रही 100 से अधिक छात्राओं को सुरक्षित रूप से संस्थान तक पहुंचने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के खुड्डी, भराड़ू और द्रुब्बल से आने वाली प्रशिक्षु छात्राओं को शहर तक पहुंचने के बाद लगभग एक घंटा पैदल चलकर डोहग स्थित संस्थान पहुंचना पड़ता है।
आईटीआई की कार्यवाहक प्राचार्य रीता शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षु छात्राओं ने सुबह साढ़े नौ बजे और दोपहर साढ़े चार बजे निगम की बसों की मांग की है।
बॉक्स
बस स्टैंड जोगिंद्रनगर से चार किलोमीटर दूर डोहग स्थित आईटीआई के लिए प्रशिक्षु छात्राओं को विशेष बस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय बस डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक से रिपोर्ट मांगी जा रही है। फिलहाल ढेलू-डोहग सड़क पर निगम की कुछ बस सेवाएं संचालित हैं, जिनमें संस्थान की समय-सारणी के अनुसार बदलाव की संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी। -पंकज चड्ढा, मंडलीय प्रबंधक, हिमाचल पथ परिवहन निगम, धर्मशाला डिवीजन