मेला समिति ने लिया निर्णय, अब सस्ते दामों में कारोबारियों को मिलेगी दुकानें
सांस्कृतिक संध्याओं में पहाड़ी लोक गायक रमेश सहित 50 कलाकार प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। गलू में आयोजित तीन दिवसीय देवता मेले के दौरान कारोबारियों के लिए मेला मैदान को एकमुश्त नीलाम न करने के निर्णय के बाद अब उन्हें सस्ती दरों पर दुकानें उपलब्ध होंगी। मेला समिति ने 200 से अधिक दुकानों की नीलामी अपने स्तर पर करने का निर्णय लिया है। इससे महंगे प्लॉट आवंटन को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।
ऐतिहासिक देवता मेले में हिमाचल, पंजाब और उत्तर भारत के कई राज्यों से कारोबारी व्यापार के लिए पहुंचे हैं। मेला समिति ने निर्णय लिया है कि छोटे कारोबारियों को 2 से 5 हजार रुपये और बड़े कारोबारियों को अधिकतम 10 हजार रुपये तक में दुकानें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए जाने वाले झूलों के लिए भी स्थान सस्ती दरों पर दिया जाएगा।
शनिवार को मेला समिति की अध्यक्षा कला देवी ने बताया कि कारोबारियों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि शनिवार से ही कुछ कारोबारियों को दुकानें आवंटित कर दी गई हैं और यह प्रक्रिया 20 अप्रैल तक जारी रहेगी। तीन दिवसीय गलू देवता मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में पहाड़ी लोक गायक रमेश ठाकुर सहित करीब 50 कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। 21 और 22 अप्रैल को दो सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी। 23 अप्रैल को कुश्ती दंगल का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। हारगुनैण पंचायत के पूर्व उपप्रधान एवं मेला समिति सदस्य अधिवक्ता सन्नी बिष्ट ने बताया कि 21 अप्रैल को चौहारघाटी के आराध्य देव पशाकोट और देव गहरी की अगुवाई में मेले का शुभारंभ एसडीएम मनीश चौधरी करेंगे। वहीं, 23 अप्रैल को मेले का समापन कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर करेंगे।