उपमंडल के तहत कलखर के समीप बीती रात सात कार सवारों ने पंप कर्मियों पर डंडों से हमला किया और 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और वारदात में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। लेकिन, सभी आरोपी घटना के बाद फरार हैं।
पुलिस के अनुसार बीती रात प्रवीण कुमार पुत्र जगदीश चंद गांव ब्राड़ता अपने साथी कर्मचारियों विक्की, पिंकू और नेकराम के साथ पेट्रोल पंप की ऊपरी मंजिल पर खाना खाने के बाद आराम कर रहे थे।
पेट्रोल पंप के कर्मचारी प्रवीण कुमार ने कहा कि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मंडी की ओर से आई कार नंबर यूपी 14 बीबी 2217 पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए रुकी। कार में से उतरकर एक व्यक्ति ने पेट्रोल पंप के अंदर ही पेशाब करना शुरू कर दिया, जिस पर कर्मचारी विक्की ने व्यक्ति को टोका।
इतने में कार में सवार चार अन्य व्यक्ति उतरे और उन्होंने विक्की पर डंडों से हमला शुरू कर दिया, जिससे विक्की बेहोश हो गया। इतने में ऊपरी मंजिल में सो रहे अन्य कर्मचारी भी शोर सुनकर नीचे आ गए। हमलावरों ने उन पर भी डंडे बरसाना शुरू कर दिया।
कर्मचारी पहले तो उनका सामना करने की कोशिश करने लगे। लेकिन हमलावरों की संख्या ज्यादा होने से उनकी एक नहीं चली। कर्मचारी वहां से जान बचाकर भागे। हमलावर बेहोश पड़े कर्मचारी विक्की की जेब से 35 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए।
कर्मचारियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से कार को जाहू रोड़ पर पकड़ लिया। पुलिस की भनक लगते ही सभी आरोपी कार को सड़क पर छोड़ कर फरार हो गए। उधर, डीएसपी मदन लाल धीमान ने लुट की वारदात की पुष्टि की है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 382, 323 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस केस की छानबीन में जुटी है।