मंडी। इंडियन एक्स सर्विसमैन लीग मंडी ने केंद्र सरकार के ओआरओपी को पूर्व सैनिकों से महज धोखा करार दिया है। पूर्व सैनिकों ने केंद्र सरकार पर सैनिकों की उम्मीदों को धूमिल करने का आरोप लगाया है।
इंडियन एक्स सर्विसमैन लीग मंडी की बैठक जिला सैनिक कल्याण केंद्र मंडी में हुई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन सेवानिवृत्त सूबेदार शेर सिंह ने की। इसमें सेवानिवृत्त कैप्टन डीडी शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
बैठक में वन रैंक वन पेंशन के नाम पर केंद्र सरकार की घोषणा को पूर्व सैनिकों से धोखा करार दिया गया। लीग के चेयरमैन सूबेदार शेर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने वन रैंक वन पेंशन के नाम पर पूर्व सैनिकों को धोखा दिया है। केंद्र सरकार को सैनिकों से किए गए इस धोखे का जवाब सुप्रीम कोर्ट में देना होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक सेवानिवृत्त ले. जनरल सतवीर के नेतृत्व में भूख हड़ताल पर बैठने की तैयारी में हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व सैनिकों को उम्मीदों के अलावा कुछ भी नहीं दिया है। बैठक में सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर लाल सिंह, सूबेदार मेजर धर्म सिंह, सूबेदार मेजर एसएस कटोच, कैप्टन ओम चंद, नायब सूबेदार सूरजन सिंह, नायब सूबेदार परमदेव, नायब सूबेदार सज्जन सिंह, नायब सूबेदार रेवती राम, हवलदार कुलदीप सिंह, हवलदार विशन दत्त, लांसनायक जागेसर सिंह, प्रधान शीला देवी, सतमा देवी, लीला देवी, गोदावरी देवी व सूख देवी उपस्थित थे।