सुंदरनगर (मंडी)। बीबीएमबी की बीएसएल परियोजना के विश्राम गृह में अधिकारियों और कर्मचारियों को शाम की पार्टी करना महंगा पड़ गया। शनिवार रात को जब पार्टी चल रही थी तो कुछ अधिकारी नशे में धुत होकर आपे से बाहर हो गए और रेस्ट हाउस में हुड़दंग मचाने लगे। रेस्ट हाउस में उठ रहे शोर की जानकारी जब सामने स्थित बीएसएल थाना पुलिस को लगी तो उन्होंने तीन हुड़दंगी अधिकारियों को हिरासत में ले लिया। जिनका नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ 114 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएसएल परियोजना के कुछ अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार पुलिस स्टेशन के सामने स्थित बीएसएल परियोजना के फील्ड हॉस्टल रेस्ट हाउस में बैठ शराब पी रहे थे। रात करीब 10 बजे शराब के नशे में धुत अधिकारी अपना आपा खो बैठे और आपस में उलझने लगे। जब उनके जोर-जोर से शोर मचाने की जानकारी पुलिस को मिली तो उन्हें तुरंत कार्रवाई करते हुए नशे में चूर तीन अधिकारियों को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद उन्हें मेडिकल के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर लाया गया। थाना प्रभारी बीएसएल कालोनी प्रदीप कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ 114 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही इनका चालान कोर्ट में पेश किया जाएगा।