नेरचौक/मंडी। डडौर स्थित एक दुकान से नकाबपोश चोरों ने 60 हजार की नगदी, दो मोबाइल फोन और गैस सिलिंडर पर हाथ साफ कर दिया है। सुबह जब दुकान खोली तो इस बात का खुलासा हुआ। सूचना पुलिस को दी गई। सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश चोर का खुलासा हुआ है। कुछ कैश पुलिस ने साथ लगते खेतों में बरामद किया है। पुलिस को अंदेशा है कि शायद चोर से यह रकम गिर गई है। जिस तरह से चोरी हुई है, ऐसे लगता है कि किसी करीबी या दुकान से वाकिफ ने ही इस काम को अंजाम दिया है। पुलिस ने हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जाली खोलकर आसानी से चोर दुकान में दाखिल हुआ है। एनएच मनाली-चंडीगढ़ मार्ग पर इस दुकान में अधिकांश टूरिस्ट गाड़ियां और वोल्वो बसें खड़ी रहती हैं।
दुकान मालिक अनूप सेन ने कहा कि उसके काउंटर से 60000 रुपये गायब हैं। दो मोबाइल फोन के अलावा गैस सिलिंडर भी शातिर ले उड़ा है। जब उन्होंने वीडियो कैमरे में देखा तो रात 01.43 बजे नकाबपोश दुकान के अंदर आया।
जाली खोलकर उड़ाया सामान
एसएचओ बल्ह राजेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कुछ कैश खेत में बरामद हुआ है। बाकी तफ्तीश अभी जारी है। जल्द ही चोर पुलिस की हिरासत में होगा। उन्होंने कहा कि जाली खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है।
000