जल्द हो दुष्कर्म मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति मंडी ने सीएम को भेजा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूूरो
मंडी। शिमला में युवती से हुए दुष्कर्म मामले पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने रोष जताया है। मंडी इकाई ने बुधवार को उपायुक्त मंडी के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित कर मामले में आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।
जनवादी महिला समिति की राज्य सचिव जयवंती ने कहा कि अभी लोग गुड़िया कांड का जख्म भी नहीं भूल पाए हैं और ऐसे में एक बार फिर से राजधानी को शर्मसार होना पड़ा है। दोबारा शिमला में हुए इस कृत्य से देवभूमि को कलंक झेलना पड़ा है। दरिंदे सड़कों पर खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। शिकायत करने पर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। महिला समिति ने प्रदेश सरकार और पुलिस से दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और दरिंदों गिरफ्तार कर युवती को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की है। ऐसा न होने पर जनवादी महिला समिति प्रदेश भर में आंदोलन शुरू करेगी। इस अवसर पर समिति की उपाध्यक्ष हरदीप कौर, सचिव देवेंद्रा, रीना, वीना वैद्य, सुनीता, संतोष, नैना सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।