मंडी। उपायुक्त के निर्देशानुसार रविवार को नगर परिषद और पुलिस प्रशासन ने शहर में बिना आज्ञा इधर-उधर रेहड़ी-फड़ी लगाकर सामान बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है।
नप कर्मियों और पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों से इनको खदेड़ा और दोबारा ऐसा न करने की हिदायत दी। यह कार्रवाई शहर की इंदिरा मार्केट, सेरी मंच, आईटीआई चौक, चौहाटा बाजार, चंद्रलोक आदि स्थानों पर की गई। इस दौरान आदेशों को नहीं मानने पर कुछ व्यापारियों का सामान भी जब्त किया गया है।
आईटीआई, चंद्रलोक गली व एसबीआई के समीप रेहड़ियों को भी जब्त किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार कहने के बावजूद भी रेहड़ी-फड़ी लगा देते हैं। इसके चलते जहां यातायात प्रभावित होता है। शहर को साफ और सुंदर बनाए रखने में नगर परिषद व पुलिस प्रशासन को दिक्कतें पेश आ रही हैं। नगर परिषद और पुलिस कर्मी जैसे ही शहर में पहुंचे इनमें हड़कंप मच गया और कई कारोबारियों ने पहले ही अपना सामान समेट लिया।
नगर परिषद व पुलिस प्रशासन ने इंदिरा मार्केट, सेरी मंच, चंद्रलोक गली और एसबीआई के समीप सब्जी की रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाकर रास्ता साफ किया। प्रदीप दीक्षित सफाई निरीक्षक नगर परिषद मंडी ने कहा कि रविवार को पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। कहीं भी रेहड़ी-फड़ी लगा देते हैं और वहीं कूड़ा भी फेंक देते हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी इन व्यापारियों को सामान नहीं लगाने दिया जाएगा। हर रोज शहर में रेहड़ी-फड़ी और फुटपाथों पर बैठ रहे व्यापारियों को चेक किया जाएगा। अगर कोई फुटपाथ और सड़क पर अपनी दुकान लगाता है तो उसका सामान जब्त किया जाएगा।
उधर, सदर थान प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि इधर-उधर रेहड़ियां लगा देते हैं, इसके चलते यातायात प्रभावित होता है। पुलिस ने नगर परिषद के साथ शहर में कार्रवाई की है।