बीस हजार लूटकर भाग रहे चार लुटेरों में से दो काबू
लोगों ने पीटने के बाद पुलिस के हवाले किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुहरसहाय (फिरोजपुर)। क्षेत्र के ऊधम सिंह चौक के पास रविवार सुबह चार लुटेरे एक व्यक्ति से बीस हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे लुटेरों में से दो को आसपास के लोगों ने काबू कर लिया। लोगों ने दोनों लुटेरों को पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित रमेश हांडा ने बताया कि वह रेडीमेड कपड़े का काम करता है। रविवार को सुबह के समय जब वह घर से सब्जी लेने के लिए शहर के ऊधम सिंह चौक पर गया। वहां पर उसने सब्जी खरीदने के बाद 200 रुपये विक्रेता को दिए। उसी दौरान चार युवक ने अचानक उसे टक्कर मारी और उसकी जेब से 20 हजार रुपये निकाल लिए। उसने शोर मचाया तो चार आरोपी भागने लगे। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने चारों में से दो को पकड़ लिया। लोगों ने दोनोें की खूब पिटाई की। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। हांडा ने बताया कि फरार आरोपी उसके 20 हजार रुपये ले गए। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उक्त मामले में जांच शुरु कर दी है। मालूम हो कि क्षेत्र में चोरी, लूट व छीना-झपटी की वारदातें बढ़ रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।