मंडी। पंडोह क्षेत्र मे नाबालिग के अपहरण का मामला सामने आया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नाबालिग के पिता ने कहा कि 21 जून को जब वह काम से घर वापस आया तो उसकी बेटी घर नहीं थी। तलाश करने पर भी जब लड़की का कुछ पता न चला तो पिता ने पुलिस चौकी पंडोह में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस चौकी पंडोह प्रभारी हेम राज ने कहा कि संभावित जगहों पर लड़की की तलाश में पुलिस टीम ने दबिश दी है। एसपी मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
महिला ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
मंडी। महिला पुलिस थाना भ्यूली मंडी में महिला की शिकायत पर पति पर घरेलू हिंसा का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस के अनुसार मंडी की महिला ने शिकायत मेें कहा कि उसका विवाह 2007 में हुआ था। शादी के एक वर्ष बाद से ही पति उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगा और दहेज की मांग करता है। इस कारण वह 2014 से अपने मायके में ही रह रही है। मुख्य आरक्षी रामचंद्र मामले की छानबीन कर रहे हैं।