सुंदरनगर (मंडी)। कांगू के गमोहू गांव में पंचायत की ओर से दो पक्षों में जमीनी विवाद सुलझाने के लिए पहुंचे राजस्व अधिकारियों के सामने दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के पुरुष और महिलाओं ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर मारपीट की। इस मारपीट में दोनों गुटों के लोगों को चोटें आई हैं।
पंचायत प्रधान ने दोनों गुटों के मध्य हुई मारपीट की सूचना डैहर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका पर पहुंच कर पंचायत प्रतिनिधियों, राजस्व अधिकारियों समेत दोनों गुटों के बयान कलमबद्ध किए। पुलिस ने दोनों गुटों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि पुलिस ने नरेश कुमार की शिकायत पर खजाना राम, रतन लाल, काला राम और धीरज कुमार के विरुद्ध और दूसरे पक्ष खजाना राम की ओर से नरेश कुमार व उसके परिवार के सदस्यों पर मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज की है।