मंडी। दिनभर भीक्षा मांगने के बाद रात को नशे में टल्ली होकर हुड़दंग मचा शांति भंग करने वाले पांच साधुओं समेत सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाकर खुद की और परिवार की जिंदगी जोखिम में डालने वाले चार वाहन चालकों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। बुधवार देर रात शहर भर में पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। सदर पुलिस थाना प्रभारी सुनील कुमार सांख्यान ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस शहर में रात्रि गश्त को तेज करेगी। वाहनों की चेकिंग के साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। बताया कि सदर पुलिस ने रात को बस स्टैंड और शहर के इलाके में शराब पीकर हुड़दंग मचाने पर 5 साधुओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें दोपहर बाद अदालत में पेश किया गया और जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
रात 11 बजे पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक दिन भर घरों में भीक्षा मांगने और रात को शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की काफी दिनों से नजर थी। इसे लेकर शिकायतें और सूचनाएं भी मिली थीं। लिहाजा रात 11 बजे के आसपास पुलिस ने दबिश देते हुए सात लोगों को धरा। सभी का मेडिकल करवाने के बाद गिरफ्तार किया गया है। सकोडी पुल के पास 45 वाहनों की चेकिंग के बाद पुलिस ने चार चालकों के लाइसेंस शराब का सेवन करके वाहन चलाने के आरोप में सस्पेंड किए हैं। कुछ चालकों में शराब की मात्रा चेक करने पर कम पाई गई। जिन्हें वार्निंग देकर छोड़ दिया गया है।