सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक युवती ने नरेश चौक के निकट नहर में छलांग लगा दी। इसी दौरान नहर किनारे झाड़ियां काटने लगे बीबीएमबी कर्मचारियों ने युवती को नहर में बहते देखा और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद युवती को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि पुलिस में इस घटना की शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे बीएसएल नहर में एक 20 वर्षीय युवती ने एकाएक छलांग लगा दी। जिस समय युवती ने नहर में छलांग लगाई वहां पास ही बीबीएमबी के कर्मचारी नहर किनारे झाड़ियों को काटने के काम में जुटे हुए थे। उन्होंने युवती को बहते देखा तो नहर में कूदकर उसे कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। युवती क्षेत्र के एक संस्थान की छात्रा बताई जा रही है। उसने नहर में क्यों छलांग लगाई इसको लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है।