रिवालसर बाजार में सोमवार रात्रि को दुकानदार ने अपनी दुकान में चोरी करते
हुए एक चोर को रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के
अनुसार सोमवार रात्रि करीब साढ़े 11 बजे महाजन करियाना स्टोर के मालिक
राकेश गुप्ता अपने भाई के साथ दुकान में भूला हुआ सामान लेने के लिए वापस
लौटे तो उन्होंने दुकान का शट्टर खोलने पर सामान बिखरा हुआ पाया। रुपये का
गल्ला खुला हुआ था। दुकान में रखे फ्रिज का सामान सहित अन्य चीजें इधर-उधर
पड़ी हुई थी। जिस पर उन्होंने शट्टर बंद कर पुलिस को सूचना दी।
बाजार में
गश्त पर लगे दो पुलिस जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। दुकान और गोदाम में तीन
घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा। जो राशन की बोरी में
छुपा हुआ मिला। चोर की पहचान रियूर पंचायत के साफडू गांव के कर्ण पुत्र
शिव राम के रूप में हुई है। दुकान से करीब 12 हजार नकदी गायब है। यदि राकेश
वापस दुकान को न लौटते तो वह चोरी में कामयाब हो जाता। रिवालसर चौकी पुलिस
प्रभारी चिंरजी लाल ने बताया कि आरोपी चोर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जांच जारी है। आरोपी से पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है।