सुंदरनगर पुलिस ने यहां नाके के दौरान दिल्ली निवासी एक युवक से 95 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुंदरनगर पुलिस ने मंगलवार सुबह यहां चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मुख्य आरक्षी नंदलाल के नेतृत्व में नाका लगा रखा था। इसी दौरान वहां से पैदल जा रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया तथा तेजी से चलने लगा।
इस पर पुलिस को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। पुलिस ने उसे धर दबोचा तथा जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 95 ग्राम चरस बरामद की।
डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया आरोपी कि शिनाख्त दिल्ली के ओल्ड कुंडली के मकान नंबर 331ए निवासी आशुतोष पुत्र जगदीश के रूप में हुई है।