शिमला-मंडी सड़क मार्ग पर बुधवार सुबह गोडन के पास मारुति कार अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। हादसे चालक समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। गभीर रूप से दो घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पांगणा में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह जाच्छ से बिठरी की ओर जा रही मारुति कार गोडन के पास अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कार चालक पुष्पेंद्र (27) पुत्र गुलाब सिंह निवासी जाच्छ तहसील निहरी, प्रियंका (11) और तीन साल की हिमानी घायल हो गई। कार गिरने की सूचना मिलते ही गोडन गांव के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी पांगणा लाया गया।
गंभीर रूप से घायल चालक पुष्पेंद्र व हिमानी को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। मुख्य आरक्षी पांगणा रणजीत सिंह ने बताया कि दो घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन रही है।