भवन निर्माण की गुणवत्ता पर उठने लगे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में करीब दस करोड़ रुपये की लागत से बने बहुउद्देशीय भवन की दीवारों में आई दरारों ने लोगों को हैरान कर दिया है। पहले ही छत में पानी के रिसाव की समस्या झेल चुके इस भवन की दीवारों में अब दरारें पड़ने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। इस भवन में लगभग 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था है और हाल ही में इसे उपयोग में लाया जाने लगा है।
अचानक दीवारों में दरारें दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग की ओर से करवाए गए निर्माण कार्य पर प्रश्नचिह्न लगाया है। बीते मानसून सीजन में भवन के कई हिस्सों में पानी का रिसाव हुआ था, जिससे छत को नुकसान पहुंचा और जलभराव की स्थिति भी बनी। उस समय निर्माण की गुणवत्ता में सुधार की मांग उठी थी, लेकिन इन मुद्दों को नजरअंदाज करते हुए अब भवन का उपयोग शुरू कर दिया गया है।
स्थानीय निवासी विनोद कुमार, अजय और मनीष ने बताया कि हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनकी नजर दीवारों में पड़ी दरारों पर गई। दीवारों पर लगे मार्बल के बीच आई दरारों को देखकर लोग हैरान रह गए। वहीं, शौचालय में लगाए गए वॉशबेसिन के कार्य में भी अनियमितताएं पाई गई हैं।
इस संबंध में राजीव गांधी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक मोहन शर्मा ने बताया कि जोगिंद्रनगर कॉलेज परिसर में बने बहुउद्देशीय भवन में आ रही दिक्कतों से संबंधित विभाग को अवगत करवा दिया गया है।