मंडी। जिलेभर में माकपा ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। मंडी के सेरी चानणी में माकपा की सदर कमेटी ने प्रदर्शन किया।
देश और प्रदेश की मौजूदा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। माकपा सचिवालय सदस्य सुरेश सरवाल ने कहा कि भाजपा ने चुनावों के दौरान देश और प्रदेश के युवाओं से वोट बटोरने के लिए झूठे सब्जबाग दिखाए लेकिन सत्ता में आने पर सभी वादे हवा हवाई साबित हुए।
रोजगार देना तो दूर, उल्टा रोजगार छीना जा रहा है। देश में पिछले 45 वर्षों के मुकाबले बेरोजगारी सबसे ज्यादा हो गई है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने प्रदर्शन के माध्यम से देश और प्रदेश की सरकारों को चेताया कि यदि समय रहते समस्याओं का हल नहीं किया तो आने वाले समय में माकपा उग्र आंदोलन करेगी। इस अवसर पर बीना वैद्य, रमेश गुलेरिया, गुरदास वर्मा, गोपेंद्र शर्मा, सुरेंद्र कुमार आदि ने धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
....
बालीचौकी में एसडीएम के माध्यम से सरकार को भेजा ज्ञापन
थुनाग (मंडी)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी बालीचौकी शाखा ने बुधवार को महंगाई, बेरोजगारी और विभिन्न भर्तियों में धांधलियों को लेकर बालीचौकी में धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदेश सरकार की नाकामियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए एसडीएम बालीचौकी सिद्धार्थ आचार्य के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
माकपा के राज्य कमेटी सदस्य महेंद्र राणा और मेघ सिंह पालसरा ने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, लगातार प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। प्रदर्शन में रूपचंद, अमीर चंद, प्रकाश, इंदर सिंह, तिलक राज, यदुनंदन राय आदि उपस्थित थे। संवाद