पीड़ित ने पुलिस प्रशासन को शिकायत सौंपकर कार्रवाई करने करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। कीरतपुर-मनाली रोड पर गरा मोड़ स्थित स्वारघाट टनल के मुहाने पर कथित गोरक्षकों की ओर से एक ट्रक चालक के साथ मारपीट, गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक ने इस संबंध में पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ट्रक ऑपरेटर एवं चालक रंजीव ठाकुर निवासी गांव मंधोल तहसील बैजनाथ ने बताया कि 27 मई की रात करीब 12:45 बजे जब वह अपना ट्रक लेकर स्वारघाट टनल के मुहाने पर पहुंचे, तो वहां पहले से दो अलग-अलग गुटों में करीब 10 से 15 लोग मौजूद थे। यह क्षेत्र थाना स्वारघाट के अंतर्गत आता है। चालक के अनुसार उस समय मौके पर कोई पुलिस कर्मी तैनात नहीं था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जैसे ही वह वहां पहुंचे, पहले गुट ने अचानक उनकी गाड़ी रोकने की कोशिश की। सुनसान सड़क होने के कारण उन्हें आशंका हुई कि ये लोग नशे में धुत, लुटेरे या किसी अन्य असामाजिक गतिविधि में शामिल हो सकते हैं, इसलिए उन्होंने वाहन नहीं रोका। इसके बाद करीब 50 मीटर आगे दूसरे गुट ने सड़क पर लोहे का बैरियर डालकर रास्ता रोक दिया।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वाहन रुकते ही कथित तौर पर उन लोगों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद ट्रक की जबरन तलाशी भी ली गई, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जब पीड़ित चालक ने आरोपियों की पहचान पूछी, तो उन्होंने स्वयं को गोरक्षक बताया। रंजीव ठाकुर ने आरोप लगाया कि गोरक्षा के नाम पर निर्दोष ट्रक चालकों के साथ सरेआम मारपीट और दबंगई की जा रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के अंधेरे में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उधर एसपी संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।