जोगिंद्रनगर से दिल्ली, चंडीगढ़, कुल्लू, मनाली व नाहन जाने वाले कई बसों के रूट हुए प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी-पठानकोट एनएच पर मंगलवार को उरला और मैगल के पास बार-बार भूस्खलन से सड़क पर मलबा और कीचड़ फैलने से परिवहन निगम की कई बसें सुबह से देर शाम तक फंसी रहीं। यातायात बाधित होने से लंबी दूरी के रूटों में शामिल दिल्ली, चंडीगढ़, कुल्लू मनाली व नाहन जाने वाले कई बसों के रूट प्रभावित हुए।
अचानक बसों की आवाजाही ठप होने से जोगिंद्रनगर बस अड्डे में सैंकड़ों यात्री परेशान होते रहे। अपने गंतव्य के लिए लोगों को निजी वाहनों का सहारा भी लेना पड़ा। बस स्टैंड जोगिंद्रनगर से सुबह 6 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई निगम की बस के अलावा 6 बजकर 45 मिनट पर पालमपुर शिमला, 8 बजकर 20 मिनट पर द्रुब्बल से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई निगम की बस घंटों तक उरला के समीप फंसी रही। बस अड्डे में परेशान यात्री विवेक, कमल, अभिनव, अजय ने बताया कि मंडी-पठानकोट हाईवे पर उरला और मैगल के समीप हाईवे बाधित होने से निगम की कई बसें जोगिंद्रनगर बस स्टैंड में तय समय पर नहीं पहुंच पाई। मंगलवार को मंडी-पठानकोट हाईवे पर भूस्खलन से पेश आई दिक्कतों के चलते अधिकांश रूट प्रभावित हुए हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक बस डिपो जोगिंद्रनगर शशांक ने बताया कि मंडी पठानकोट एनएच पर उरला के समीप मंगलवार सुबह से दोपहर बाद तक यातायात बाधित होने से निगम की कई बसों के रूट प्रभावित हुए हैं। दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला, धर्मशाला और नाहन के बस रूटों पर भी बसों की आवाजाही समय पर नहीं हो पाई।