मंडी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि मंडी जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कोविड संक्रमण की जांच को लेकर रैपिड एंटीजन टेस्ट की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है। जिला मुख्यालय के सेरी मंच पर भी कोविड टेस्ट सुविधा शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य खंडों को कोरोना टेस्ट किट उपलब्ध करवाई गई हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रारंभिक उपचार के आदेश दिए गए हैं। जिले में कोरोना के गंभीर संक्रमित रोगियों के लिए डेडीकेटिड कोविड अस्पताल आरंभ करने की योजना तैयार कर ली गई है। कोरोना के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत पूर्व निर्धारित योजना के तहत नागरिक अस्पताल सुंदरनगर, सरकाघाट तथा करसोग में 50-50 बिस्तर के डेडीकेटिड कोविड हेल्थ सेंटर खोले जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि मंडी जिले में कोरोना की तीसरी लहर के प्रभाव की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के जरिए संक्रमित लोगों को होम आइसोलेशन किट उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने जिलावासियों से आग्रह किया कि वे कोरोना नियमों का पालन करें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। कोरोना लक्षण होने पर बिना हिचकिचाहट के टेस्ट करवाने के लिए आगे आएं।