सामाजिक दूरी बनाए रखने की गाइडलाइन जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जनपद मंडी में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग बढ़ा दी है। संदिग्धों के कोरोना सैंपल लेकर जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों को लें तो अब तक जिले में 323 संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। सभी को घर पर ही आईसोलेट किया है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण के मामलों में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए गाइड लाइन जारी कर दी है। अस्पतालों में बिना मास्क प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। वहीं, सामाजिक दूरी का पालन करने की भी गाइडलाइन जारी की जा रही है।
पिछले कुछ दिनों से राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों में इजाफा होने लगा है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भी संक्रमण की चपेट में आए तीन लोगों को दाखिल किया गया है। जबकि जिला अस्पताल में भी संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वीरवार शाम तक जिले में 323 लोगों में कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि संक्रमण फैल रहा है। लिहाजा लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बिना मास्क भीड़ वाले स्थानों में न जाएं और अपने हाथों को बार-बार धोएं। सामाजिक दूरी के नियमों की भी पालना करना जरूरी है।
मास्क नहीं पहन रहे लोग
अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग ने बिना मास्क प्रवेश पर रोक लगा दी है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों का अनुपालना नहीं कर रहे हैं। अस्पतालों की ओपीडी में अपनी बारी के लिए लाइनों में खड़े लोगों में कुछ ऐसे भी हैं जो मास्क नहीं पहन रहे हैं। इससे संक्रमण के फैलने का खतरा बढ़ रहा है। वीरवार को भी अस्पताल में ऐसे कई लोग देखे गए। जबकि कई लोगों ने मास्क को सही तरीके से नहीं पहना हुआ था।