मंडी। जिले में ठेकेदारों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। ठेकेदारों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई।
हिमाचल प्रदेश कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि ठेकेदार एम फार्म की शर्त के विरोध और विभिन्न सरकारी कार्यों की अदायगी न होने से खफा हैं। इसके चलते ही प्रदेशव्यापी हड़ताल की जा रही है।
इसका असर प्रदेश सहित मंडी जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों पर पड़ा है। सभी जगह मशीनरी, मजदूरों को रोक दिया गया है। बताया कि लंबे समय से लोक निर्माण विभाग से एम फार्म की शर्त और निर्माण कार्यों में जीएसटी लगा कर अदायगी को रोका गया है।
उन्होंने कहा कि बुधवार को लोनिवि के एसई कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर एसोसिएशन के सदस्य केशव नायक, राजेश कुमार, भूपेंद्र महाजन, विजय कपूर, केडी निराश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद