ओटीपी न आने से उपभोक्ता परेशान, गाड़ी न रुकने पर दी घेराव की चेतावनी
कांगू का गलू और चोलथरा क्षेत्र में गैस सिलिंडर वितरण ने होने से बढ़ीं मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
टिहरा/सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट के अंतर्गत कांगू का गलू और चोलथरा क्षेत्र में गैस सिलिंडर वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कांगू का गलू क्षेत्र में पहुंचे दर्जनों उपभोक्ताओं के मोबाइल पर गैस सिलिंडर डिलीवरी का ओटीपी प्राप्त नहीं हुआ, जिससे तकनीकी खामी के कारण वे बिना सिलिंडर लिए ही लौटने को मजबूर हुए। वहीं चोलथरा से आगे के गांवों में लोग तपती धूप में घंटों गैस वाहन का इंतजार करते नजर आए।
स्थानीय निवासियों ने गैस वितरण व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे गैस एजेंसी का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। सामाजिक कार्यकर्ताओं रमेश चंद भारद्वाज, दिनेश कुमार, मेहर चंद गारला, प्रकाश चंद, कुसुम देवी और रीना देवी ने वितरण प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस व्यस्त रूट पर छोटी क्षमता वाली गाड़ी भेजी जा रही है, जिससे एक ही पड़ाव पर सिलिंडर समाप्त हो जाते हैं और आगे के उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ता है। उन्होंने इस रूट पर बड़ी गाड़ी भेजने की मांग की है ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को एक साथ सुविधा मिल सके।
स्थानीय ग्रामीणों आरडी कमल, रणजीत सिंह, अजय भारद्वाज और हरजीत राठौर ने आरोप लगाया कि गैस वाहन चालक कई बार उनके घरों के सामने से गुजर जाते हैं, लेकिन रोकने का संकेत देने पर भी वाहन नहीं रोकते। उधर, एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र गौतम ने बताया कि क्षेत्र में गैस सिलिंडर की आपूर्ति में कमी चल रही है। इसके बावजूद चोलथरा क्षेत्र में बुधवार को गैस सप्लाई की जाएगी।
बॉक्स
घरेलू गैस सिलिंडर की मांग सामान्य से अधिक बढ़ी है। जबकि आपूर्ति अपेक्षाकृत कम प्राप्त हो रही है। इसी कारण कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर मिलने में देरी का सामना करना पड़ रहा है। सरकाघाट क्षेत्र में प्रतिमाह औसतन लगभग 35 एलपीजी लोड की आवश्यकता रहती है, लेकिन 19 मई तक केवल 13 लोड ही प्राप्त हो पाए हैं। एक एलपीजी लोड में लगभग 342 गैस सिलिंडर होते हैं। यह आपूर्ति धर्मपुर तथा गोपालपुर (सरकाघाट) विकास खंडों के उपभोक्ताओं में वितरित की जाती है। सीमित स्टॉक के बावजूद गैस सिलिंडर का वितरण पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है।
-संजीव कुमार वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम।