जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भंगरोटू के छात्र दानवीर ने एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा 9वीं के इस प्रतिभाशाली छात्र ने जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंडर-14 ट्रायथलॉन-सी इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर उपलब्धि हासिल की।
यह प्रतियोगिता बीते रविवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल स्टेडियम में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता के दौरान दानवीर ने बेहतरीन तकनीक, फुर्ती और दमखम का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ पहला स्थान हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर अब उसका चयन राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो आगामी दिनों में बिलासपुर में आयोजित की जाएगी।
दानवीर की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी की लहर है। प्रधानाचार्य अंजना, शिक्षक वर्ग तथा स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रधानाचार्य ने कहा कि दानवीर ने अपनी मेहनत और लग्न से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।