सरकाघाट (मंडी)। गैस सिलिंडर प्राप्त करने के लिए डीएसी नंबर के साथ ई-केवाईसी और आधार सीडिंग न होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। लोगों को बार-बार गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस समस्या को लेकर समाजसेवी रमेश चंद भारद्वाज ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को ऑनलाइन शिकायत एवं सुझाव पत्र भेजा है। उन्होंने मांग की है कि आधार सीडिंग की सुविधा आईओसीएल (इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड) एप और लोक मित्र केंद्रों पर भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि दिव्यांगों, बुजुर्गों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
चंदपुर निवासी 90 वर्षीय पार्वती देवी के परिजनों ने बताया कि वे उन्हें निजी वाहन से गैस एजेंसी ले गए थे, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण कार्य पूरा नहीं हो सका। उपभोक्ताओं रणजीत सिंह, गीता देवी, कांता देवी और राकेश कुमार आदि ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर इस मांग का समर्थन किया है, ताकि वे घर बैठे ही यह सुविधा प्राप्त कर सकें।