करसोग (मंडी)। गर्मी का मौसम शुरू होते ही उपमंडल करसोग में पेयजल योजनाओं का जलस्तर गिरने लगा है। लोगों को पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए जल शक्ति विभाग ने पानी की बर्बादी को रोकने के लिए अब से सख्ती करना शुरू कर दिया है। विभाग ने सभी जेई को पानी की बर्बादी करवाने वालों के बिना नोटिस कनेक्शन काटने के निर्देश दिए हैं। फील्ड स्टाफ को भी औचक निरीक्षण करने के लिए कहा गया है।
बता दें कि गर्मियों के सीजन को देखते हुए विभाग ने पहले ही पानी के नए कनेक्शन देने पर रोक लगा रखी है। ऐसे में अब मानसून सीजन तक लोगों को पानी के नए कनेक्शन के लिए भी इंतजार करना होगा। करसोग उपमंडल के अधिकांश स्थानों पर लोग पेयजल से खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। इसकी जल शक्ति विभाग चुराग उपमंडल को शिकायतें भी मिली हैं। इसके बाद फील्ड स्टाफ को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जल शक्ति विभाग ने पानी की टंकियों में ओवरफ्लो को लेकर भी सख्ती बरती है। इसके लिए फील्ड स्टाफ को पानी की टंकियों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी तरह की लापरवाही सामने आती है तो विभाग स्पॉट पर ही कनेक्शन को काट देगा। विभाग ने पानी की बर्बादी को रोकने के लिए लोगों से भी सहयोग की अपील की है। जल शक्ति विभाग चुराग के सहायक अभियंता केएल चौहान ने बताया कि पानी की बर्बादी पर बिना नोटिस दिए कनेक्शन काटा जाएगा। इस बारे में सभी जेई को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।