26 से 29 अगस्त तक पोस्टर मेकिंग, युवा संवाद, क्रॉस कंट्री और एरोबिक्स प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में 26 से 29 अगस्त तक विभिन्न खेल एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है।
विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू पाठक ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 26 अगस्त को सुबह 11 बजे परीक्षा भवन में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता से होगी। 27 अगस्त को सुबह 9:30 बजे कमरा नंबर 208 में विकसित भारत युवा कनेक्ट स्पोर्ट्स एडिशन आयोजित किया जाएगा।
29 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम के तहत सुबह 8:30 बजे पड्डल मैदान में क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता और सुबह 10:30 बजे परीक्षा भवन में एरोबिक्स (मास एक्टिविटी) होगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। कॉलेज प्रशासन और खेल विभाग ने विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।