सरकारी कार्यालयों में बिना जरूरत से उपयोग हो रही बिजली, पूछने वाला कोई नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू रोजाना वित्तीय प्रबंधन की सलाह दे रहे हैं और इसके लिए कई तरह के निर्णय भी ले रहे हैं। इसी बीच मंडी जिला की अफसरशाही की लापरवाही उजागर हो रही है। हालात ये हैं कि खाली कार्यालय जगमग हो रहे हैं। इससे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही साफ झलक रही है। वीरवार को कुछ कार्यालय में किसी के मौजूद न होने पर भी बिजली के पंखे सब चालू हालत में ही नजर आए। इन्हें पूछने वाला कोई नहीं है। यही वजह है कि कार्यालय छोड़ने से पहले इन्हें बंद करना कोई सुनिश्चित नहीं कर रहा है।
वीरवार को संवाद न्यूज एजेंसी ने कुछ सरकारी कार्यालयों का दौरा कर जायजा लिया तो जोनल अस्पताल में सभी जगह सुचारु रूप से काम चल रहा है। किसी तरह का दुरुपयोग सामने नहीं आया। वीरवार दोपहर बाद संवाद न्यूज एजेंसी के संवाददाता हरदेव उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां दोपहर 2:45 बजे उपायुक्त कार्यालय स्थित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी डयूटी कक्ष में कोई मौजूद नहीं था, लेकिन पंखा घूमता नजर आया। वहीं, 2:47 मिनट पर कुछ ही दूरी पर एक शाखा कार्यालय में भी कोई नहीं मौजूद था, जबकि यहां रोशनी के लिए बल्ब जले हुए थे। पंखा भी चल रहा था। जबकि साथ वाले कमरे कर्मचारी आपस में बातें कर रहे थे, लेकिन किसी का भी ध्यान व्यर्थ में जल रही बिजली और पंखों पर नहीं था। उपायुक्त कार्यालय परिसर में ही जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर भी बरामदे में पंखा और ट्यूबें जल रही थीं, जबकि मौके पर कोई भी नहीं था। कुल मिलाकर उपायुक्त कार्यालय परिसर में बिजली से लेकर पंखों की सुविधाएं तो दी गई हैं, लेकिन इनके सदुपयोग को लेकर कोई सजग नजर न आया।
इस बारे उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि वे हमेशा कार्यालय छोड़ने से पहले बिजली और पंखा बंद करना सुनिश्चित करते हैं। अन्य अधिकारी भी ऐसा ही करते हैं।