पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस अधिक्षक मंडी से की शिकायत, कार्रवाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहर के एक व्यक्ति ने शहरी पुलिस चौकी प्रभारी पर धमकाने और थप्पड़ जड़ने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित व्यक्ति का आरोप है कि मंडी शहर पुलिस चौकी के प्रभारी ने उसके साथ गाड़ी पार्क करने को लेकर गाली-गलौज की और बाद में पुलिस चौकी में उसकी धुनाई भी कर दी।
पैलेसे कॉलोनी मंडी के निवासी पीड़ित पवन ठाकुर का कहना है कि वे रविवार दोपहर के समय वह जेल रोड में अपने भाई को खाने का टिफिन देने के लिए सड़क पर थोड़ी देर के लिए रुका था। इतने में ही मौके पर सिटी पुलिस चौकी प्रभारी एक अन्य पुलिस जवान के साथ वहां आए और उसके साथ बुरा व्यवहार शुरू कर दिया।
एसपी मंडी को दी गई शिकायत में पवन ठाकुर ने आरोप लगाया है कि उसके साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया और गाली गलौज की। वीडियो बनाने पर फोन भी तोड़ दिया और बाद में उसे चौकी बुलाया। पवन का आरोप है कि चौकी में उसके साथ गाली गलौज की गई और थप्पड़ भी मारे गए। उसने आरोप लगाया है कि डरा धमका कर माफीनामा लिखवाया गया। एसपी मंडी से मिले प्रतिनिधिमंडल ने सिटी पुलिस चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई व तबादले की मांग उठाई है। शिकायतकर्ता के अनुसार यदि उन्हें पुलिस विभाग की ओर से न्याय नहीं मिलता तो वह कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
वहीं, शहरी पुलिस चौकी प्रभारी मनोज ने बताया कि आरोप निराधार है। गलत तरफ पार्क गाड़ी को हटाने पर चालक बदतमीजी कर रहा था। गाड़ी जबरदस्ती हटानी पड़ी। चालक गाड़ी के आवश्यक दस्तावेज भी नहीं दिखा पाया था। इस पर उसे चौकी बुलाया गया था। उक्त व्यक्ति ने सरकारी ड्यूटी बाधा उत्पन्न करने का काम किया है। सभी प्रकार की जांच वह उपलब्ध हैं। आम जनता के हित में कार्य जारी रहेगा। उधर, इस संबंध पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले में जांच की जाएगी।