मंडी। सावन के दूसरे सोमवार पर मंडी जिलेभर के शिवालयों में पवित्र शिवलिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस दौरान जगह-जगह खीर के भंडारे लगाए गए।
शिवलिंग पर रूद्राभिषेक के लिए शिवालयों में लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान पूरा दिन हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मंदिरों के गर्भ गृह में दूध-दही और पंचामृत से शिवलिंग का रूद्राभिषेक किया और आराध्य की पूजा-अर्चना कर उन्हें प्रिय भांग-धतुरे का भोग लगाया।
मंडी शहर के स्वयं भू बाबा भूतनाथ, महामृत्युंजय, नीलकंठ महादेव, एकादश रूद्र, पंचवक्त्र, त्रिलोकी नाथ, अर्ध नारीश्वर सहित पधर, लदरूही जोगिंद्रनगर, कुड महादेव लडभड़ोल, त्रिवेणी महादेव धर्मपुर, सरकाघाट, बलद्वाड़ा, महादेव मंदिर सुंदरनगर आदि शिवालयों में दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
भूतनाथ मंदिर में शिव दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं ने कतारों में लग कर बारी-बारी से मंदिर में प्रवेश किया।इस दौरान मंदिर में स्थानीय महिलाओं की ओर से भजन-कीर्तन कर शिव भोले के नाम का गुणगान किया।
एकादश रूद्र मंदिर में चल रहे अखंड ओम नम. शिवाय जाप में श्रद्धालु बारी-बारी सुविधा अनुसार बैठे। यहां पर भी अन्न और खीर का भंडारा ग्रहण करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। ब्यास तट पर स्थित सिद्ध शंभु मंदिर को भी फूलों से सजाया गया। महामृत्यंजय और नीलकंठ महादेव मंदिरों में भी दिनभर भजन-कीर्तन चलता रहा।
उधर, सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय के समीप प्रेस क्लब मंडी की ओर से खीर का लगाया। भंडारे में उपायुक्त अपूर्व देवगन ने भी सहभागिता दर्ज करवाई।
मंडी शहर के भूतनाथ मंदिर में दर्शनों के लिए कतारों में खडे श्रद्धालू। संवाद- फोटो : Archive