भांबला/सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल के तहत आने वाली चंदैश-गैहरा-पटड़ीघाट सड़क की हालत खस्ता है। सड़क पर वाहन चलना तो दूर, राहगीरों को पैदल चलने में भी परेशानियों का सामाना करना पड़ रहा है।
क्षतिग्रस्त सड़क पर करीब एक माह से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही बाधित है। ग्राम पंचायत पटड़ीघाट के प्रधान विधि चंद, उपप्रधान वीरी सिंह, गैहरा पंचायत प्रधान रूप लाल, अशोक कुमार, ओम प्रकाश, दीनानाथ, पवन कुमार, अनिल, रवि चंद, मित्र देव, नारायण दास, मेहर सिंह, चुनी लाल, सुरेश, रमेश आदि ने बताया कि यह सड़क तीन पंचायतों को जोड़ती है और हजारों की आबादी की जीवन रेखा है।
कुछ माह से सड़क पर जगह-जगह भूस्खलन व गड्ढे पड़ गए हैं। पाजा के समीप सड़क पर मलबा गिरने से सड़क पूरी तरह बाधित है।
ग्रामीणों व जन प्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि शीघ्र सड़क की मरम्मत करवाई जाए। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि भारी बरसात के कारण सड़क बंद हुई है। दो दिनों में जेसीबी लगा कर सड़क को ठीक करवा दिया जाएगा। संवाद