समस्याओं के बारे में तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
लडभड़ोल (मंडी)। माता सिमसा मंदिर में 19 मार्च से चैत्र नवरात्र शुरू होने जा रहे हैं। नवरात्र से ठीक पहले मंदिर परिसर के पास फैली गंदगी और जर्जर रास्तों ने श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने तहसीलदार लडभड़ोल को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की है। ग्रामीणों की ओर से सौंपे गए शिकायत पत्र में बताया गया है कि मंदिर के पास स्थित नाले में काफी मात्रा में पानी, कीचड़ और गंदगी जमा है। गोरी कैलाश, ज्योति जसवाल, राजेश कुमार, सोमदत्त, गंगा राम, विनोद राय, जोगिंदर सिंह, सुमना देवी, निशा देवी और व्यास देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बावड़ी की ओर जाने वाला रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो चुका है।
ग्रामीणों का कहना है कि माता सिमसा मंदिर में संतान प्राप्ति स्वप्न की मान्यता के कारण आने वाली महिलाएं स्नान के लिए इसी मार्ग का उपयोग करती हैं। इसके अलावा ऊटपुर स्कूल जाने वाले बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस मामले में तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने बताया कि मंदिर कमेटी से इस विषय पर बात की गई है और उन्हें मंदिर परिसर व आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मंदिर कमेटी के सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने आश्वासन दिया कि नवरात्र से पहले नाले में भरे पानी की निकासी कर दी जाएगी।