पधर (मंडी)। कुन्नू-कुफरी सड़क पर कुन्नू से पांच किलोमीटर दूर ध्वापा गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा वीरवार सुबह करीब सवा दस बजे हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ध्वापा गांव के समीप एक अन्य वाहन को पास देते समय कार के दो पहिये सड़क से बाहर हो गए और सामने पहाड़ी से टकराने के बाद कार खाई में जा गिरी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार को ध्वापा गांव के पास कार एचपी 34बी-6579 एक वाहन को पास देते समय अनियंत्रित होकर करीब दो सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार चार लोग कुल्लू से पदवाहण के हियुंड गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
कुन्नू से एक युवक ने भी कार में लिफ्ट ली थी। हादसे में घायल उत्तम चंद ने हिम्मत जुटाते हुए खाई से निकल समीप के एक घर में कार के गिरने की सूचना दी। इसके बाद गांव के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। हादसे के सभी घायलों को सड़क तक लाया गया। जहां से 108 नंबर एंबुलेंस और निजी वाहन के माध्यम से उपचार के लिए इन्हें पधर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे में घायल अजय कुमार (21) पुत्र बीरी सिंह गांव काहीधार खारसा गुम्मा और हरी राम पुत्र स्वर्गीय धनी राम गांव नैनासेरी जिला कुल्लू ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जबकि अन्य घायलों की पहचान सूरज पुत्र हरी राम गांव नैनासेरी जिला कुल्लू, निर्मला देवी पत्नी चमन लाल गांव नैणाधार, उत्तम चंद पुत्र चौबे राम निवासी ढालपूर कुल्लू के रूप में हुई है। अजय कुमार ने कुन्नू से कार में लिफ्ट ली थी और इलाका दूंधा में अपनी बहन के घर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी विजय कुमार, महेश कुमार, दिनेश कुमार, चंद्र सिंह, अजय कुमार, विनय कुमार, संदेश कुमार, वार्ड सदस्य प्रकाश चंद ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार पधर डीसी ठाकुर ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार और तीनों घायलों को 5-5 हजार की फौरी राहत दी है। पुलिस अधीक्षक प्रेम कुमार ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है।