मंडी। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ने मंडी शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली के खंभों पर अवैध रूप से डाली गई केबल तार को हटाने के लिए संचार सेवा प्रदाताओं और केबल ऑपरेटरों को अंतिम चेतावनी जारी की है। इससे पहले कई बार मौखिक और लिखित चेतावनी देने के बावजूद बिजली के खंभों पर अवैध ऑप्टिकल फाइबर केबल और अन्य संचार केबल नहीं हटाई गई हैं। इस लापरवाही को देखते हुए अब अंतिम नोटिस जारी किया गया है।
संबंधित कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सात दिनों के भीतर स्वयं केबल तार को बिजली के खंभों से हटा लें। इसके बाद ये केबल तार हटा दिए जाएंगे। बोर्ड के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता मंडी राजेश कुमार कौंडल ने बताया कि बीते 17 जून को एक केबल ऑपरेटर तकनीशियन की बिजली के खंभे पर कार्य करते समय करंट लगने के बाद गिरकर मौत हो गई थी। इसलिए बिजली के तारों के साथ अन्य तारों को हटाया जाना अति आवश्यक है। संवाद