सुंदरनगर (मंडी)। कैंसर को मात देने वाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता रेणु शर्मा कोरोना काल में भी दूसरों के लिए उदाहरण पेश कर रही है। जहां अधिकतर लोग कोविड-19 ड्यूटी देने से परहेज करते हैं, वहीं रेणु शर्मा ने स्वयं अपनी इस कार्य में ड्यूटी लगवाई है।
वह अब तक करीब 10 हजार का कोविड सैंपल लेने के साथ-साथ करीब 5 हजार लोगों को वैक्सीन लगा चुकी है। केंद्र में कार्यरत अन्य कर्मचारी भी रेणु शर्मा की कार्य क्षमता को देख दंग रहते हैं। करीब 30 साल से स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत रेणु शर्मा को 2011 में ब्रेस्ट कैंसर हुआ था। लंबे उपचार के बाद उसने यह जंग जीत ली।
रेणु शर्मा का कहना है कि कैंसर से पीड़ित होने के बाद उन्होंने मानसिक और शारीरिक रूप से असहनीय दर्द झेला। लेकिन हौसला नहीं छोड़ा, यही कारण है कि वह कैंसर से जंग जीत पाई। कोरोना काल में भी उन्हेें परिवार से भरपूर सहयोग मिला, जिसके कारण ही वह कोरोना के खिलाफ अभियान में लगातार सेवारत है।