जोगिंद्रनगर/चौंतड़ा (मंडी)। शहर में बैलों की दहशत से मेला कारोबारी भी सहम उठे हैं। मेला मैदान में काफी संख्या में बैलों के घुस जाने से यहां पर खरीदारी को लेकर पहुंच रहे ग्राहकों में अफरा तफरी का माहौल बना हुआ है। कुछ कारोबारियों की दुकानों में बैलों के हमले से नुकसान भी पहुंचा है।
वीरवार दोपहर मेला मैदान में एक साथ आठ से दस बैलों के घुस जाने से कारोबारियों में दहशत फैल गई। इस दौरान खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों ने जद्दोजहद कर खुद को बैलों से बचाया। विकास खंड चौंतड़ा में लावारिस मवेशियों ने तीन लोगों को घायल किया है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से इस समस्या के समाधान को लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीश चौधरी ने कहा कि हिंसक बैलों को रेस्क्यू कर गोसदन तक पहुंचाने के लिए पशुपालन, नगर परिषद और दमकल विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर रखे हैं। बावजूद अगर कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है तो संबंधित विभाग से जवाब तलब किया जाएगा। संवाद