डैहर (मंडी)। ब्रह्माकुमारीज सुंदरनगर शाखा में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा प्रभारी राजयोगिनी शिखा दीदी ने की। मुख्यालय माउंट आबू से सुशील और देवेंद्र भाई भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बाल गोपाल, श्रीकृष्ण की युवावस्था और लक्ष्मी-नारायण की चैतन्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। माताओं-बहनों ने बधाई नृत्य, रास नृत्य, समूह नृत्य और लघु नाटिका प्रस्तुत की। श्रद्धालुओं ने रासलीला का भी आनंद लिया। शिखा दीदी ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि पवित्रता, दिव्यता, श्रेष्ठ संस्कारों और सतयुगी जीवन मूल्यों का संदेश देता है।