ब्लॉक स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ और डाटा मैनेजमेंट सुविधा होगी मजबूत
सरकार की स्वास्थ्य से जुड़ी जन कल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन होगा बेहतर
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में ब्लॉक कम्यूनिटी हेल्थ यूनिट (बीसीएचयू) तैयार हो गई है। इस यूनिट के शुरू होने से अर्ली वार्निंग सिस्टम के माध्यम से महामारी की पहचान करना आसान होगा। बीमारियों की रोकथाम, निगरानी और लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में यह यूनिट अहम भूमिका निभाएगी। करीब 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से स्थापित इस यूनिट में स्वास्थ्य संबंधी डाटा का संकलन और विश्लेषण किया जाएगा। इसके माध्यम से बीमारियों के रुझानों को समझकर समय रहते उपचार और नियंत्रण के प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे। हिमाचल प्रदेश के चुनिंदा अस्पतालों में स्थापित किए जा रहे खंड सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाई यूनिट का उद्देश्य लोगों को महामारी और संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना है। इसके लिए यूनिट में आधुनिक उपकरणों के साथ डिजिटल प्रयोगशाला स्थापित की गई है, जहां विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच संभव होगी। ब्लॉक हेल्थ मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम के तहत बीमारियों का मूल्यांकन भी किया जाएगा। इससे मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी और मरीजों को उपचार संबंधी सटीक जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में ब्लॉक कम्यूनिटी हेल्थ यूनिट का कार्य पिछले दो वर्षों से चल रहा था। अब यूनिट के तैयार होने के बाद इसे जून माह में शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बीमारी की रोकथाम और निगरानी में मिलेगी सुविधा
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में स्थापित ब्लॉक कम्यूनिटी हेल्थ यूनिट में बीमारी की रोकथाम, निगरानी और त्वरित स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था होगी। इस यूनिट में सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ और डाटा मैनेजर तैनात होंगे। साथ ही अर्ली वार्निंग सिस्टम के जरिये स्वास्थ्य संबंधी खतरों की समय पर पहचान की जा सकेगी। डॉ. विकास नाथ एसएमओ, नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर ने बताया कि यूनिट के शुरू होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और रोग नियंत्रण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।