नगवाईं (मंडी)। मंडी-कुल्लू फोरलेन पर बने ब्लैक स्पॉट लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। फोरलेन निर्माण के बावजूद इन स्थानों पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। बीते बुधवार को पनारसा चौक (चेक पोस्ट) के समीप एक वोल्वो बस की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई।
कुछ समय पूर्व नागरिक अस्पताल नगवाईं के पास अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारी की सड़क हादसे में जान चली गई थी। इसी स्थान पर कुछ दिन पूर्व औट निवासी बुजुर्ग व्यक्ति ने भी सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवाई। ये ब्लैक स्पॉट वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए गंभीर बने हैं।
कुछ वर्ष पूर्व नागरिक अस्पताल नगवाईं के पास फ्लाईओवर निर्माण को लेकर सर्वे के लिए टीम आई थीं, लेकिन आज तक यह योजना धरातल पर नहीं उतर पाई। इसी तरह पनारसा चेक पोस्ट के पास भी फुट ओवर ब्रिज या फ्लाईओवर की सख्त आवश्यकता है। स्नोर सराज कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित कपूर का कहना है कि नगवाईं अस्पताल के पास एनएचएआई की ओर से बनाया गया अंधा मोड़ लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
नागरिक अस्पताल नगवाईं के प्रभारी ऋतुवेश नेगी का कहना है कि अस्पताल के पास हादसों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को कई बार पत्र लिखे, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब या कार्रवाई नहीं हुई है। संवाद