सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस के साथ टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसे स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां युवक ने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने सूचना मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कमल कुमार (40) पुत्र रूप लाल निवासी अलसू डाकघर डैहर पेंटर का काम करता था। जब वह बाइक पर सवार होकर पुंघ के निकट पहुंचा तो थला सड़क से मोड काट हाईवे पर पहुंची बस से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे में कमल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया। चिकित्सीय जांच के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। संवाद