जर्जर हो चुके स्कूल भवन में हो सकता है बड़ा हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सायरी देव बाला कामेश्वर देवता कमेटी ने उपायुक्त मंडी और शिक्षा उप निदेशक मंडी से आग्रह किया कि राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला भगवाहन मंडी को यू ब्लॉक स्कूल भवन में चलाया जाए। इसके लिए पिछले माह 19 सितंबर को शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने अधिसूचना जारी की थी, जिसमें उन्होंने राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला भगवाहन मंडी को तत्काल प्रभाव से यू ब्लाॅक स्कूल भवन में स्थानांतरित करने को कहा था।
बता दें कि भगवाहन स्कूल कई दशकों से भगवान वार्ड में स्थित देव सायरी बाला कामेश्वर देवता के भवन में किराये पर चल रहा है, लेकिन अब भवन के जर्जर होने पर इसमें बैठ रहे विद्यार्थियों के लिए भवन असुरक्षित हो गया है। मंदिर कमेटी प्रधान रोशन लाल, कटवाल नरेंद्र शर्मा ने बताया कि 8 अक्तूबर को शिक्षा विभाग को ज्ञापन दिया था, लेकिन शिक्षा उप निदेशक की ओर से आदेश जारी करने के बाद भी स्कूल को बदला नहीं जा सका है। बताया कि कुछ कर्मचारी सरकारी आदेशों को न मानने से इसमें उनका निजी स्वार्थ नजर आ रहा है। देवता कमेटी ने कहा है कि भवन की हालत से सभी अवगत हैं, यहां कभी भी अनहोनी हो सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से आग्रह किया कि जर्जर हो चुके इस भवन को शीघ्र खाली करवा कर स्कूल को यू ब्लॉक भवन में स्थानांतरित किया जाए।