बोले-कई बार बताने के बाद भी प्रशासन नहीं ले रहा सुध
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। पीएचसी से सीएचसी का दर्जा हासिल करने के बाद भी पंडोह अस्पताल एक डेंटिस्ट के सहारे चल रहा है। डेंटिस्ट डॉक्टर सिर्फ सामान्य जुखाम-बुखार, सिरदर्द-पेटदर्द की दवाई ही लिख रहे हैं, जबकि यहां दांतों के उपचार का कोई सामान मौजूद ही नहीं है। इस कारण डेंटिस्ट डॉक्टर अपनी सही सेवाएं भी क्षेत्र के लोगों को नहीं दे पा रहे हैं। सीएचसी पर चार विधानसभा क्षेत्रों नाचन, सराज, द्रंग और मंडी सदर के लोग आश्रित हैं। इसके अलावा हाईवे से गुजरने वाले लोगों के लिए भी आपातकालीन सेवाओं में यही इकलौता सहारा है, लेकिन सुविधाएं न मिलने से लोगों को परेशानी पेश आ रही है। पंडोह के लोगों ने सरकार से मांग उठाई है कि पंडोह में जल्द से जल्द स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाए। पंचायत प्रधान गीता देवी ने बताया कि इस बारे में कई बार स्थानीय विधायक और सरकार को लिखित में भेजा जा चुका है, लेकिन आज दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कुत्ते ने काटे लोग, तो नहीं थे एंटी रेबीज के इंजेक्टशन
कुछ दिन पहले पंडोह में एक दर्जन लोगों को कुत्तों ने काट लिया। कुत्ते के काटने के बाद जब लोग एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए सीएचसी पहुंचे तो यहां आकर पता चला कि इंजेक्शन है ही नहीं। ऐसे में लोगों को फिर 20 किमी दूर जोनल हास्पिटल पहुंचकर इंजेक्शन लगवाने पड़े। लोगों का कहना है कि सीएचसी पंडोह कभी भी आपदा के समय में उनका सहारा नहीं बना। यहां कभी भी इमरजेंसी वाली सुविधाएं नहीं मिलती।
कोट्स
सीएचसी पंडोह की रिक्तियों के बारे में उच्चाधिकारियों और सरकार को अवगत करवा दिया गया है। जैसे ही नियुक्तियों के आदेश आएंगे तो तैनाती कर दी जाएगी। डेंटिस्ट के उपकरण मुहैया करवाने के लिए संबंधित विंग को लिख दिया गया है। जैसे ही उपकरण प्राप्त होते हैं तो उन्हें यहां स्थापित कर दिया जाएगा।
-डाॅ. नरेंद्र भारद्वाज, सीएमओ मंडी